नई दिल्ली | इस सप्ताह सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। गुरुवार की गिरावट के बाद शुक्रवार (12 सितंबर) को सोना एक बार फिर चढ़ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 0.55% की बढ़त के साथ 1,09,577 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी ने नया रिकॉर्ड बनाया और खबर लिखे जाने तक इसमें 1.12% की तेजी दर्ज की गई। चांदी का भाव 1,28,361 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया।
सर्राफा बाजार में तेजी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोना 100 रुपये चढ़कर 1,13,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, हालांकि चांदी 500 रुपये टूटकर 1,28,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले कारोबारी दिन यह 1,28,500 रुपये पर थी।
गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2024 को सोने का भाव 78,950 रुपये था, जो अब तक 43.25% यानी 34,150 रुपये बढ़ चुका है। 99.5% शुद्धता वाला सोना भी 100 रुपये महंगा होकर 1,12,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गया।
क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत?
ऑग्मोंट की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी के अनुसार, ‘‘मुद्रास्फीति, बढ़ता सार्वजनिक ऋण और अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सुस्ती जैसे जोखिमों ने सोने की कीमतों को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा दिया है। एशिया में एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (ETF) का मजबूत प्रवाह भी सोने की बढ़त में अहम भूमिका निभा रहा है।’’
वहीं, पीएल कैपिटल के सीईओ संदीप रायचुरा का कहना है कि इस साल सोने के लिए बेहद शानदार रहा है। ‘‘केंद्रीय बैंकों की भारी खरीद, ईटीएफ में निवेश, ब्याज दरों में संभावित कटौती और वैश्विक तनावों ने सोने को निवेशकों के लिए सुरक्षित विकल्प बना दिया है।’’ हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा ऊंचे स्तर पर नए निवेश में अस्थिरता का खतरा बना रहेगा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल
वैश्विक स्तर पर सोने और चांदी में थोड़ी नरमी देखी गई। हाजिर सोना 0.52% गिरकर 3,621.91 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि हाजिर चांदी 0.35% फिसलकर 41.01 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।