Palwal, 14 September
हरियाणा सरकार में खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता और कानून विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को हुड्डा सेक्टर-2, पलवल में करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से डेढ़ एकड़ में बनने वाले अग्निशमन केंद्र का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ भी मौजूद रहे।
भूमिपूजन के दौरान मीडिया से बातचीत में मंत्री गौतम ने कांग्रेस, विपक्षी नेताओं और भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर तीखे बयान दिए।
भारत-पाकिस्तान मैच पर प्रतिक्रिया
शहीद शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐश्न्या की प्रतिक्रिया पर बोलते हुए मंत्री गौतम ने कहा,
“भारत ने हमेशा पाकिस्तान को हर मैदान पर परास्त किया है—चाहे वह खेल का मैदान हो या युद्ध का। इस बार भी भारतीय खिलाड़ी दुबई में भारत का झंडा बुलंद करेंगे।”
विपक्ष पर निशाना
अभय सिंह चौटाला के हालिया बयान को नकारते हुए गौतम ने कहा,
“चौटाला की कोई भी बात गंभीरता से लेने लायक नहीं है।”
पूर्व मंत्री करण दलाल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा,
“वो बड़े नेता हैं, लेकिन सदमा इतना गहरा है कि अब उलूल-जुलूल बयानबाजी कर रहे हैं। कल को यह भी कहेंगे कि चुनाव हुए ही नहीं।”
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा के बाढ़ प्रभावितों पर दिए बयान पर हमला करते हुए गौतम बोले,
“कांग्रेस को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उनके शासनकाल में किसानों को 2-25 रुपए के चेक देकर भद्दा मजाक किया गया था। आज भी कांग्रेस केवल भाजपा नेताओं के नाम पर ही जिंदा है।”
कांग्रेस को बताया नेतृत्वहीन
गौरव गौतम ने कहा,
“कांग्रेस एक नेतृत्वहीन और दिशाहीन पार्टी है, जो अपने प्रदेशाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तक का चुनाव नहीं कर पाई। मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस कभी एक हो पाएगी।”
पलवल को मिलेगी नई सुविधा
भूमिपूजन कार्यक्रम में गौतम ने कहा,
“अग्निशमन केंद्र बनने के बाद जिले में आग से संबंधित किसी भी आपदा पर समय रहते काबू पाया जा सकेगा। यह केंद्र आधुनिक रूप से तैयार होगा और पलवल के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।”