Dharamshala, Rahul
कांगड़ा जिला की बागनी पंचायत को आज ब्लॉक की पहली लाइब्रेरी का तोहफ़ा मिला है। शनिवार को उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने करीब 30 लाख रुपये की लागत से बने पंचायत सामुदायिक केंद्र और पुस्तकालय का उद्घाटन किया। इस पुस्तकालय का निर्माण मनरेगा, 15वें वित्त आयोग और एसडीपी निधि के अभिसरण से किया गया है।
डीसी बैरवा ने कहा कि यह पुस्तकालय न केवल बागनी पंचायत बल्कि आसपास की पंचायतों के छात्रों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। लगभग 50 से अधिक छात्रों के बैठने की क्षमता वाले इस अत्याधुनिक पुस्तकालय में सिविल सेवा, नीट/जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किताबों के साथ-साथ सामान्य साहित्य और करंट अफेयर्स पत्रिकाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 8 सीसीटीवी कैमरे, पुरुष और महिला के लिए अलग शौचालय तथा ऑनलाइन सर्फिंग हेतु एक कंप्यूटर सेक्शन भी स्थापित किया गया है।
विशेष पहल के तहत चंडीगढ़ स्थित कोचिंग संस्थान ‘सिविल्स टैप’ ने विकास खंड धर्मशाला के साथ मिलकर पुस्तकालय में पढ़ने वाले छात्रों को मुफ्त अध्ययन सामग्री और साप्ताहिक ऑनलाइन मार्गदर्शन सत्र उपलब्ध कराने का ऐलान किया है। वंचित और बीपीएल परिवारों से जुड़े छात्रों को प्राथमिकता के आधार पर मुफ्त पठन सामग्री दी जाएगी।डीसी कांगड़ा ने कहा कि जिले के 54 जिला परिषद वार्डों में कम से कम एक लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है, जिनमें से आधे स्थानों पर निर्माण पूरा कर संचालन शुरू किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि यहां आगे सिटी पार्क और फिटनेस सेंटर जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है।
कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि बागनी पंचायत में खुली यह लाइब्रेरी धर्मशाला ब्लॉक की पहली है, जहां एक साथ 50 छात्र पढ़ सकेंगे और छह कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि ज़रूरत के अनुसार अन्य स्थानों पर भी नई लाइब्रेरियां खोली जाएंगी।