Chintpurni, 5 October
चिंतपूर्णी क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से चोरी के प्रयासों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रात के समय अज्ञात नकाबपोश युवक चोरी की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा है।
ताज़ा मामला चिंतपूर्णी बाज़ार क्षेत्र का है, जहां रात करीब ढाई बजे तीन संदिग्ध युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। फुटेज में ये युवक नकाब पहने हुए इलाके में घूमते दिखाई दे रहे हैं।स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में दुकानों और मकानों को निशाना बनाने के प्रयास हुए थे। इसके बाद लोगों ने आपसी सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था खुद संभालने का निर्णय लिया। अब गांव और बाज़ार के युवा रातभर पहरा दे रहे हैं ताकि कोई असामाजिक तत्व वारदात को अंजाम न दे सके।
युवाओं का कहना है कि संदिग्धों की सीसीटीवी तस्वीरें पुलिस को भी सौंपी जाएंगी। क्षेत्रवासियों का मानना है कि चोरी के बढ़ते प्रयास भक्तों और आम जनता की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गए हैं। उन्होंने प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और संदिग्धों की पहचान जल्द से जल्द करने की मांग की है।साथ ही, पुलिस और स्थानीय प्रतिनिधियों ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।