Mandi, Dharamveer
दीपावली के अवसर पर नगर निगम मंडी के दायरे में आने वाले 58 परिवारों को इस बार खुशियों का विशेष तोहफा मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) 2.0 के तहत इन परिवारों को घर निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए हैं।
नगर निगम मंडी क्षेत्र के पात्र परिवारों को सौंपे गए स्वीकृति पत्र
केंद्र सरकार ने हाल ही में प्रदेश भर में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 1,361 घरों को मंज़ूरी दी है, जिनमें से 58 आवास नगर निगम मंडी के अंतर्गत स्वीकृत हुए हैं। धनतेरस के शुभ अवसर पर नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट और पार्षदों ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।मेयर वीरेंद्र भट्ट ने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों को ढाई लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसमें पहली किश्त के रूप में 70 हजार रुपये दिए जाएंगे, जबकि शेष राशि गृह निर्माण की प्रगति के अनुसार चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और सभी लाभार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी.केंद्र सरकार ने गरीब परिवारों को पक्के घरों का सपना साकार करने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है। हमें गर्व है कि मंडी नगर निगम क्षेत्र के 58 परिवारों को इस योजना का लाभ मिला है।”
लाभार्थियों की खुशी झलकी चेहरों पर
पीएम आवास योजना के लाभार्थियों ने कहा कि दीपावली के इस शुभ पर्व पर उन्हें जो गृह निर्माण का तोहफा मिला है, वह उनके जीवन का सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि अब वे इस योजना के तहत अपने पक्के घर का सपना पूरा कर सकेंगे।जीत कुमार, उतरा देवी और गीता देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से उन्हें अपने परिवार के लिए पक्का घर बनाने का अवसर मिला है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का धन्यवाद किया।