नई दिल्ली | ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाक सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच भारत ने 30 अक्टूबर से 10 नवंबर तक अपनी तीनों सेनाओं – थलसेना, वायुसेना और नौसेना – के बड़े पैमाने पर युद्धाभ्यास “एक्स त्रिशूल” के लिए नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) जारी किया है। जियो-इंटेलिजेंस विशेषज्ञों के अनुसार, यह अभ्यास सर क्रीक और पश्चिमी सीमा के पास असामान्य पैमाने और क्षेत्र में संपन्न होगा।
भारत की योजना के अनुसार, इस दौरान हवाई क्षेत्र का आरक्षण 28,000 फीट तक रहेगा। दक्षिणी कमान की सेनाएं मल्टी-डोमेन युद्धक गतिविधियों में भाग लेंगी, जिसमें आक्रामक अभियानों, सौराष्ट्र तट पर उभयचर अभ्यास, इंटेलिजेंस, सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और साइबर ऑपरेशंस शामिल हैं।
भारत द्वारा NOTAM जारी करने के तुरंत बाद पाकिस्तान ने भी अपने मध्य और दक्षिणी हवाई क्षेत्र में कई एयर रूट्स को प्रतिबंधित कर दिया। जियो-इंटेलिजेंस विश्लेषक डेमियन साइमन का कहना है कि यह पाकिस्तान की संभावित सैन्य अभ्यास या हथियार परीक्षण की तैयारी की प्रतिक्रिया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में राजस्थान के जैसलमेर में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत सीमा पार किसी भी आतंकवादी गतिविधि का जवाब “सटीक और निर्णायक कार्रवाई” के साथ देगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, मई में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के आतंकी ढांचे पर सटीक हवाई हमले किए थे, जिनमें 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। “एक्स त्रिशूल” अभ्यास भारत की बढ़ती संयुक्त युद्धक क्षमता और आत्मनिर्भर रक्षा क्षमताओं को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।