Summer express, धर्मशाला। राहुल चावला। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को धर्मशाला स्थित राज्य युद्ध स्मारक में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में योल स्थित 9 कोर के कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आकाश जौहर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों ने भी शहीदों को नमन किया। पूरा कार्यक्रम देशभक्ति और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर कांगड़ा को वीर सपूतों की धरती बताते हुए देश के लिए बलिदान देने वाले सैनिकों के योगदान को याद किया गया। साथ ही युवाओं से देशसेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।