Summer express, सोलन। भूपेंद्र ठाकुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को सोलन में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और अन्य गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
इस अवसर पर उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने उपस्थित लोगों को कारगिल युद्ध के गौरवशाली इतिहास को सदैव याद रखने और देश की एकता, अखंडता व सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई।
जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक कर्नल सुरेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि इस वर्ष 27वां कारगिल विजय दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में देश के 527 वीर सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिनमें हिमाचल प्रदेश के 52 जवान शामिल थे।
उन्होंने बताया कि जिला सोलन के भी दो वीर सैनिकों ने कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।