कॉमेडी के बादशाह सतीश शाह नहीं रहे, 74 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
25 October, 2025
हिंदी सिनेमा और टेलीविजन जगत के मशहूर अभिनेता सतीश शाह का शनिवार को किडनी फेल होने के कारण निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। अभिनेता को कुछ दिन पहले हिंदुजा अस्पताल, मुंबई में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
इस दुखद खबर की पुष्टि फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर की। उन्होंने सतीश शाह की तस्वीर साझा करते हुए लिखा —यह बताते हुए अत्यंत दुख हो रहा है कि मेरे प्रिय मित्र और प्रतिभाशाली अभिनेता सतीश शाह अब हमारे बीच नहीं रहे। यह हमारे फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है।
चार दशकों तक दर्शकों को हंसाने वाले कलाकार
सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को एक गुजराती परिवार में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1970 में फिल्म भगवान परशुराम से की, लेकिन उन्हें पहचान 1983 की कल्ट फिल्म जाने भी दो यारों से मिली।उन्होंने मैं हूं ना, ओम शांति ओम, हम आपके हैं कौन, और टीवी शो साराभाई वर्सेस साराभाई जैसे लोकप्रिय प्रोजेक्ट्स में अपनी हास्य प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीता।
सादगी भरा व्यक्तिगत जीवन
सतीश शाह फिल्मों और टीवी की चमक-दमक से दूर एक सादगीपूर्ण जीवन जीते थे। वे पार्टियों से दूरी बनाए रखते थे और घर का बना खाना पसंद करते थे। उन्होंने एक बार कहा था,“घर का खाना किसी भी पार्टी के खाने से बेहतर होता है।
आखिरी बार पर्दे पर
सतीश शाह को आखिरी बार 2014 में रिलीज हुई फिल्म हमशक्ल में देखा गया था।
फिल्म जगत और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सतीश शाह ने हमें हंसाने की जो विरासत दी है, वह हमेशा याद रहेगी