3 November, 2025
2 नवम्बर 2025 भारतीय क्रिकेट इतिहास का स्वर्णिम दिन बन गया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से पराजित कर पहली बार आईसीसी महिला वनडे विश्व कप अपने नाम कर लिया। यह केवल खेल नहीं, बल्कि भारतीय महिला शक्ति का प्रतीक बन गया।
फाइनल मुकाबले में शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा के शानदार प्रदर्शन ने भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई। चोटिल प्रतिका रावल की जगह शामिल की गई शेफाली ने 87 रनों की उम्दा पारी खेली और गेंदबाजी में दो विकेट भी झटके। वहीं दीप्ति शर्मा ने 58 रनों की अर्धशतकीय पारी के साथ पांच विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की जीत की उम्मीदों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रन बनाए, जबकि दक्षिण अफ्रीकी टीम 246 रन पर सिमट गई।जैसे ही हरमनप्रीत कौर ने ट्रॉफी उठाई, पूरा मैदान “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा और देशभर में जश्न का माहौल बन गया।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों के लिए 51 करोड़ रुपये की इनामी राशि की घोषणा की है — जो कि आईसीसी द्वारा दी जाने वाली प्राइज मनी (लगभग 39.78 करोड़ रुपये) से भी अधिक है। यह राशि खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाएगी।
जय शाह और देवजीत सैकिया का बड़ा ऐलान
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि यह निर्णय खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने बताया कि सचिव जय शाह ने महिला क्रिकेट के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें आईसीसी स्तर पर महिला वर्ल्ड कप की प्राइज मनी में 300% की वृद्धि शामिल है।सैकिया ने कहा, “भारत की बेटियों ने जो हासिल किया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। यह केवल जीत नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के आत्मविश्वास की नई शुरुआत है।