नारनौल | हरियाणा के नारनौल में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा निजामपुर रोड पर फ्लाईओवर के पास उस वक्त हुआ जब तीनों युवक बाइक पर सवार होकर एक समारोह में जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, नीमकाथाना क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी मनोज कुमार और निरंजन अपने दोस्त दीपक के साथ रात करीब 9 बजे गांव ठाठवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज और निरंजन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया।
घायल दीपक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक भाई शहर की एक कपड़ों की दुकान पर काम करते थे।