चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी शैफाली वर्मा से फोन पर बात कर उन्हें महिला विश्व कप जीत और फ़ाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा हरियाणा शैफाली के प्रदर्शन पर गर्व महसूस कर रहा है।
सीएम सैनी ने शैफाली वर्मा और उनके परिवार को संत कबीर कुटीर आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
वहीं, इससे एक दिन पहले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी रोहतक में शैफाली वर्मा के घर पहुंचे थे। उन्होंने परिवार को बधाई देते हुए कहा कि शैफाली ने देश और प्रदेश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। हुड्डा ने राज्य सरकार से मांग की कि शैफाली वर्मा को 2 से 2.5 करोड़ रुपए नकद पुरस्कार और फर्स्ट क्लास अधिकारी की नौकरी दी जाए, ताकि युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिले।