Dharamveer, Mandi
सुंदरनगर में बीती रात उस समय हंगामा मच गया जब एक अधेड़ व्यक्ति को नाबालिग लड़की का पीछा करने के आरोप में स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से नाबालिग का पीछा कर रहा था। बुधवार शाम को जब वह अपनी गाड़ी में लड़की के घर तक पहुंच गया, तो परिजनों ने तुरंत उसे रोक लिया। इस दौरान आरोपी और लड़की के परिजनों के बीच कहासुनी हुई जो बाद में हाथापाई में बदल गई।
सुंदरनगर में देर रात हंगामा, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की और उसका मुंह काला कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग थाना परिसर के बाहर जुट गए, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने थाना परिसर के गेट बंद कर दिए ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीछा करने, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
भारत भूषण, डीएसपी सुंदरनगर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। विभिन्न धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।