अंबाला | शहर में सेना अधिकारियों के घरों में लगातार हो रही चोरियों का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने इस मामले में राजेश नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से जम्मू के राजौरी का रहने वाला और सेना से बर्खास्त जवान है। आरोपी को मेरठ (उत्तर प्रदेश) से पकड़ा गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजेश जानबूझकर सिर्फ सेना अधिकारियों के घरों को ही निशाना बनाता था। दरअसल, उसे सेना से बर्खास्त किए जाने का गुस्सा था। आरोपी का मानना था कि वरिष्ठ अधिकारियों की वजह से ही उसकी नौकरी गई, इसलिए उसने बदले की भावना से यह वारदातें शुरू कीं।
सूत्रों के अनुसार, राजेश को अनुशासनहीनता के चलते हवलदार पद से बर्खास्त किया गया था। इसके बाद उसने अंबाला कैंट के तोपखाना इलाके में एक के बाद एक चार चोरियां कीं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 लाख 31 हजार रुपये की चोरी की गई नकदी और सामान बरामद किया है।
अंबाला पुलिस के मुताबिक, राजेश अब तक अंबाला, जबलपुर, पोंटा साहिब और मेरठ में कुल 20 चोरी की वारदातों को कबूल कर चुका है। फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।