चंडीगढ़ I हरियाणा और पंजाब के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, चंडीगढ़ से शुक्रवार से उड़ान सेवाओं का समय और दायरा दोनों बढ़ा दिए गए हैं। अब हरियाणा के यात्रियों को दिल्ली या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि अब चंडीगढ़ से देश के 12 प्रमुख शहरों और दुबई के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध होंगी।
पहले जहां एयरपोर्ट से केवल सात घंटे उड़ानें संचालित होती थीं, अब यह समय बढ़ाकर 18 घंटे कर दिया गया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रनवे रिपेयर कार्य का समय घटाया गया है ताकि अधिक उड़ानें संचालित की जा सकें।
अब चंडीगढ़ एयरपोर्ट से हैदराबाद, गोवा, दिल्ली, बेंगलुरु, जयपुर, इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, अबूधाबी, धर्मशाला, श्रीनगर, पुणे और दुबई के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो जाएंगी।
एयरपोर्ट सीईओ अजय वर्मा ने बताया कि रनवे रिपेयर कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जिसके चलते अब एयरपोर्ट को 18 घंटे संचालन के लिए खोल दिया गया है। 26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक 7 घंटे विमानों का संचालन किया गया था, जबकि अब 7 से 18 नवंबर तक उड़ानें 18 घंटे तक चलेंगी।
सूत्रों के अनुसार, रनवे-11 और रनवे-29 पर पॉलीमर मोडिफाइड इमल्शन का कार्य जारी है और रनवे-11 पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) CAT-2 को अपग्रेड करने की योजना बनाई गई है।