जींद | एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के लिपिक राजकुमार को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह मामला करीब पांच महीने पुराना बताया जा रहा है। जांच के दौरान वॉइस रिकॉर्डिंग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, सफीदों निवासी नमन नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सफीदों गेट पर एक मेडिकल स्टोर चलाता है। शिकायत में नमन ने बताया कि 8 मई को खाद्य निरीक्षक गीता गोयल ने उसकी अनुपस्थिति में दवाओं के सैंपल लिए और उनमें से एक दवा को नकली बताते हुए शिकायत दर्ज करा दी।
नमन ने आरोप लगाया कि इसके बाद विभाग के लिपिक राजकुमार ने उससे संपर्क किया और 9 मई को अपने गांव रामराय बुलाया। वहां राजकुमार ने कथित रूप से मामला रफा-दफा करने के बदले ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की। एसीबी ने जांच के दौरान सबूतों की पुष्टि होने पर आरोपी लिपिक राजकुमार को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।