लुधियाना | पंजाब सरकार ने राज्य में वाहनों के मॉडिफिकेशन पर सख्त रुख अपनाया है। अब गाड़ियों पर तय मानकों के विपरीत बड़े टायर, अतिरिक्त लाइटें या हूटर लगाने पर वाहन जब्त किए जा सकेंगे।
राज्य के ट्रैफिक नियमों को कड़ाई से लागू करने के लिए स्पेशल डीजीपी ए.एस. राय ने आज लुधियाना में ट्रैफिक विभाग के सभी एसपी और डीएसपी के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों की अवहेलना अब किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राय ने बताया कि जनता को पहले ही इस संबंध में जागरूक किया जा चुका है। इसके बावजूद यदि कोई वाहन मालिक अपनी गाड़ी को मॉडिफाई करता है—चाहे वह बड़े टायर लगवाना हो, हूटर या तेज रोशनी की लाइटें लगाना हो, या बॉडी में बदलाव करना हो—तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मॉडिफिकेशन करने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि नियमों का उल्लंघन किसी स्तर पर न हो सके।