बठिंडा | जिले के गांव जीदा स्थित स्पोर्टकिंग कंपनी की फैक्ट्री में सोमवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा उस वक्त हुआ जब फैक्ट्री बंद थी और सभी कर्मचारी घर लौट चुके थे, जिससे बड़ी त्रासदी टल गई।
गोदाम नंबर 8 में लगी आग
फैक्ट्री के जीएम राजपाल ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे सूचना मिली कि गोदाम नंबर 8 में आग लग गई है। फैक्ट्री की अपनी फायर ब्रिगेड टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। इसके अलावा बठिंडा, एनएफएल और बाजाखाना से भी दमकल वाहन बुलाए गए।
करीब 100 से अधिक कर्मचारी और दमकलकर्मी राहत कार्य में जुटे रहे। आग की लपटों ने देखते ही देखते कॉटन से भरे पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। राजपाल ने बताया, “कॉटन में आग लगने के बाद कुछ भी बचा हुआ माल उपयोग के लायक नहीं रहता।”
नुकसान का आंकलन आज दोपहर तक संभव
राजपाल ने कहा कि फिलहाल नुकसान का सही अंदाज़ा लगाना मुश्किल है। “आग पूरी तरह बुझने और मलबा हटाने के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चल सकेगा,” उन्होंने बताया।
जांच में जुटी टीमें, कारणों का खुलासा बाकी
अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फैक्ट्री प्रबंधन ने कहा कि प्राथमिकता आग पर पूरी तरह नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।
कोई जानी नुकसान नहीं
सौभाग्य से हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। फैक्ट्री बंद थी और प्रोडक्शन यूनिट गोदाम से दूर स्थित होने के कारण सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।