भिवानी। प्ले स्कूल शिक्षिका मनीषा की मौत को तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन मामला अब भी रहस्य बना हुआ है। हत्या या आत्महत्या ,इस सवाल का जवाब न तो पुलिस दे पाई है, न ही सीबीआई जांच में कोई ठोस नतीजा सामने आया है।
मनीषा के गांव ढाणी लक्ष्मण में मंगलवार को पंचायत आयोजित की गई, जहां ग्रामीणों और परिजनों ने जांच में देरी पर तीखी नाराजगी जताई। पंचायत के दौरान सर्वसम्मति से सीबीआई की जांच प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जांच कहां तक पहुंची है।
परिजनों ने कहा कि अब सब्र का बांध टूट चुका है। तीन-तीन बार पोस्टमार्टम होने के बाद भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां मामले को गंभीरता से नहीं ले रहीं।
पंचायत ने ऐलान किया कि 30 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक भूख हड़ताल की जाएगी। अगर तब तक सरकार और प्रशासन ने जांच पर स्पष्ट स्थिति नहीं दी, तो अगली पंचायत बुलाकर बड़े आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
गांव में अब भी यह सवाल गूंज रहा है , “आखिर मनीषा की मौत कैसे हुई?” परिजनों का कहना है कि वे तब तक शांत नहीं बैठेंगे, जब तक मनीषा को न्याय नहीं मिल जाता।