भरूच | गुजरात के भरूच जिले के जीआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार देर रात हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। सायखा गांव के पास स्थित विशाल फार्मा कंपनी में बॉयलर फटने से आग लग गई, जिसमें तीन कर्मचारियों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए। घायलों को भरूच के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 4 से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बॉयलर फटने से लगी आग, कई कंपनियां भी प्रभावित
रिपोर्ट्स के अनुसार, देर रात करीब ढाई बजे कंपनी के बॉयलर में धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की चार अन्य कंपनियों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
विस्फोट की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा। मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं कर रहे।
प्रशासन और कंपनी पर लगे गंभीर आरोप
सायखा गांव के सरपंच जयवीर सिंह ने कंपनी प्रबंधन और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विशाल फार्मा कंपनी बिना आवश्यक अनुमति के संचालित की जा रही थी, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। सरपंच ने मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।
इसी तरह का हादसा सूरत में भी
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले सूरत जिले के जोलवा गांव की संतोष टेक्सटाइल मिल में भी केमिकल ड्रम फटने से आग लग गई थी, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।