चंडीगढ़ | तरनतारन उपचुनाव के दौरान कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग द्वारा दिए गए विवादित बयान का मामला अब पंजाब अनुसूचित जाति आयोग (SC Commission) तक पहुंच गया है। कपूरथला पुलिस ने इस मामले की जांच रिपोर्ट आयोग को सौंप दी है।
उपचुनाव के दौरान दिया था विवादित बयान
मामला उस समय का है जब राजा वड़िंग ने पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री स्वर्गीय बूटा सिंह को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बवाल मच गया था। बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह सिद्धू ने इस संबंध में कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा को शिकायत दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
राजा वड़िंग ने मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने के बाद राजा वड़िंग ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा था कि उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे खेद प्रकट करते हैं। हालांकि, यह मामला राजनीतिक रूप से संवेदनशील होने के कारण आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया था।
SC आयोग ने मांगा था जवाब
अनुसूचित जाति आयोग ने इस पूरे मामले पर राजा वड़िंग से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा था। साथ ही, आयोग ने तरनतारन के डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी से भी एक सप्ताह के भीतर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की थी। अब पुलिस की रिपोर्ट आयोग को सौंपे जाने के बाद माना जा रहा है कि आयोग जल्द ही अपनी अगली कार्रवाई तय करेगा।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
राजा वड़िंग के बयान को लेकर पंजाब की सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है। विपक्षी दलों ने कांग्रेस पर दलित विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है। अब सभी की निगाहें SC आयोग के अगले कदम पर टिकी हैं।