Chamba, Manjur Pathan
जिला मुख्यालय में दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। यह घटना चामुंडा मार्ग पर हुई, जहां किसी पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। झड़प के दौरान तेजधार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए तुरंत राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे गुस्साए लोगों ने चंबा पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन ने पहले की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।लगभग रात 10 बजे तक लोगों ने चौकी के बाहर धरना-प्रदर्शन जारी रखा, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी बाधित रही। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश लखनपाल ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारियां की जाएंगी तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी घटनाओं को दोबारा नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाने शुरू कर दिए हैं।इस बीच स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो वे फिर से सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। चंबा प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।