पंजाब | दिल्ली में हाल ही में हुए धमाके के बाद पंजाब पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा एजेंसियों ने राज्यभर में जांच अभियान तेज कर दिया है। मोगा जिले में की गई रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से तीन पेट्रोल बम बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार थे और संदिग्ध गतिविधि के चलते उन्हें रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास बीयर की बोतलों में बनाए गए तीन देसी पेट्रोल बम, माचिस और अन्य सामग्री मिली। सभी बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
फरीदकोट के रहने वाले हैं आरोपी युवक
सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए चारों युवक फरीदकोट जिले के निवासी हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि वे किसी बड़ी वारदात की साजिश में शामिल हो सकते हैं। पुलिस उनके नेटवर्क और मंशा की गहराई से जांच कर रही है।
पहले भी मिल चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले मोगा के बाघापुराना के पास स्थित गांव माड़ी मुस्तफा में भी एक दुकान पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना हुई थी, जिसमें आरोपी फरीदकोट से ही थे। पुलिस अब दोनों मामलों के बीच कनेक्शन तलाश रही है।
पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
मोगा पुलिस ने दिल्ली धमाके के बाद पूरे जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी है। बस स्टैंड, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।