गोहाना | हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव मुंडलाना में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की ईंट और डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भाना (70) के रूप में हुई है, जो गांव के ही तालाब की देखरेख करता था।
पुलिस को गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, भाना ने पंचायत से गांव का तालाब बोली पर लिया हुआ था और उसमें मछली पालन का कार्य करता था। वह अक्सर तालाब किनारे ही रात गुजारता था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात तीन-चार युवक उसके साथ शराब पी रहे थे, इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने ईंट और डंडों से हमला कर भाना की हत्या कर दी।
गांव के सरपंच ने भी पुष्टि की कि मृतक भाना तालाब की देखरेख करता था और रात को वहीं सोया हुआ था। सुबह ग्रामीणों को जब घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस का कहना है कि दो आरोपियों की पहचान गांव के ही युवकों के रूप में हुई है, जिनकी तलाश जारी है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।