Hamirpur, Arvind
पुलिस थाना सदर हमीरपुर के अंतर्गत चिट्टा तस्करी की सूचना पर दुगनेहड़ी-नाल्टी सड़क पर लगाए गए नाके के दौरान एक चिट्टा सप्लायर ने थाना प्रभारी को कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर थाना प्रभारी कुलवंत राणा पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। हालात को भांपते हुए थाना प्रभारी ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी की गाड़ी के टायर पर गोली चला दी, जिससे टायर पंक्चर हो गया और आरोपी मौके से भागने पर मजबूर हो गया।
पुलिस ने गाड़ी की पहचान कर ली है। यह गाड़ी हिमाचल नंबर की है और इसके मालिक पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी की पहचान भी कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को रात में सूचना मिली थी कि एक तस्कर चिट्टा लेकर हमीरपुर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर सुबह करीब साढ़े छह बजे नाका लगाया गया था। करीब आठ बजे संदिग्ध गाड़ी आई तो चालक ने रुकने के बजाय पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि गाड़ी के मालिक पर पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।