पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। गांव उंटला के पास सफीदों से पानीपत आ रही एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 15 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में 30 से 35 यात्री सवार थे। घटना उस वक्त हुई जब सामने से आ रहे एक कैंटर ने अचानक ब्रेक लगा दी। कैंटर के रुकते ही बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सीधे सड़क किनारे खेतों में जा पलटा। पलटने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
गांववालों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। डॉक्टरों के अनुसार, ज्यादातर घायलों की हालत स्थिर है और इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आसींद रोड की स्थिति काफी खराब है — सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूटी सतह के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने सरकार से इस सड़क को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।
गौरतलब है कि पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने हाल ही में सड़क को फोरलेन बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुधार और नियमित निगरानी की मांग की है।