Hamirpur, Arvind
ग्राम पंचायत उखली के उखली बाजार में घरों के ऊपर से गुजर रही 33 केवी की हाई वोल्टेज बिजली लाइन एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। लाइन में हुए जोरदार धमाके से कई परिवारों के विद्युत उपकरण जलकर राख हो गए, जिससे लोगों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह बिजली लाइन घरों के बिल्कुल नजदीक से होकर गुजरती है। मंगलवार देर रात इस लाइन पर एक बंदर चढ़ गया, जिससे तार एक मकान से टच हो गया और जोरदार धमाका हुआ। हादसे के दौरान एक घर की पूरी वायरिंग जल गई, जबकि छह पंखे, एलईडी टीवी, फ्रिज और बिजली का मीटर पूरी तरह खराब हो गए। प्रभावित परिवार ने लगभग 70 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।आसपास के अन्य घरों में भी कई उपकरण जैसे वाई-फाई सिस्टम, इंडक्शन चूल्हे और अन्य विद्युत सामान जल गए। ग्रामीणों का कहना है कि यह वही लाइन है जिससे कुछ वर्ष पहले एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो चुकी है, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली बोर्ड को कई बार इस खतरनाक लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर लाइन को जल्द शिफ्ट नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय निवासी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि “यह लाइन घरों के बिल्कुल साथ से गुजर रही है, जिससे हर समय खतरा बना रहता है। पहले भी एक बच्चे की जान जा चुकी है। बिजली बोर्ड को तुरंत इसे दूसरी जगह स्थानांतरित करना चाहिए।