नूंह I नूंह के वार्ड नंबर 4 स्थित हिदायत कॉलोनी एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की निगाह में रही। दिल्ली बम ब्लास्ट से पहले आतंकी डॉक्टर उमर के करीब 10 दिन तक इसी कॉलोनी में ठहरने की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को जांच एजेंसियों ने क्षेत्र में अपनी कार्रवाई तेज कर दी।
सुबह-सुबह बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड भारी सुरक्षा के साथ कॉलोनी में पहुंचे। टीम ने उस मकान में करीब एक घंटे तक गहन तलाशी ली, जहां आतंकी उमर के ठहरने की संभावना बताई गई थी। डॉग स्क्वायड ने घर के कमरों, आसपास के खुले स्थानों और संदिग्ध जगहों का विस्तार से निरीक्षण किया।
जांच के दौरान टीम ने मकान के हर हिस्से का निरीक्षण किया, ताकि किसी भी तरह का विस्फोटक, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या संदिग्ध सामग्री की पुष्टि की जा सके। करीब एक घंटे तक चली तलाशी के बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग टीम बिना किसी संदिग्ध वस्तु के स्थानीय पुलिस बल के साथ कॉलोनी से रवाना हो गई। एजेंसियों ने इस दौरान प्राप्त इनपुट और जांच के निष्कर्षों को अभी सार्वजनिक नहीं किया है।
सूत्रों के अनुसार, आतंकी उमर की गतिविधियों और उसके नेटवर्क की तलाश में सुरक्षा एजेंसियां नूंह जिले के कई इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन कर रही हैं। इस संदर्भ में हिदायत कॉलोनी की यह कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच एजेंसियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में यहां फिर से सर्च ऑपरेशन चल सकता है, क्योंकि आतंकी उमर के ठहरने और उसकी गतिविधियों से जुड़ी कई अहम कड़ियां अब भी जांच के तहत हैं।