बेंगलुरु | बेंगलुरु में 14 नवंबर की रात एक धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा दिया। बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) को देर रात करीब 11:30 बजे एक व्यक्ति द्वारा भेजा गया ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। आरोप लगाने वाले युवक ने दावा किया कि उसकी पूर्व पत्नी, जो मेट्रो में कर्मचारी है, उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है, और अगर ऐसा नहीं रुका तो वह “आतंकवादी की तरह काम” करके मेट्रो स्टेशन को उड़ा देगा।
पूर्व पत्नी को प्रताड़ना का आरोप लगाकर दी धमकी
BMRCL को भेजे गए ईमेल में युवक ने लिखा कि उसकी पूर्व पत्नी मेट्रो स्टाफ में है और उसे ड्यूटी के दौरान व बाद में परेशान किया जाता है। इसी कथित प्रताड़ना को आधार बनाकर उसने बम धमाके की धमकी दी।
BMRCL ने की शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
ईमेल की गंभीरता को देखते हुए BMRCL ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी और विल्सन गार्डन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ईमेल की तकनीकी जांच कर आरोपी की लोकेशन और पहचान पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पहले भी मिल चुकी हैं संदिग्ध सूचनाएं
इससे पहले 7 अगस्त को भी लालबाग मेट्रो स्टेशन से एक संदिग्ध वस्तु बरामद हुई थी, जिसके बाद पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। अब दोबारा मिली धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी
धमकी के बाद बेंगलुरु के सभी प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने यात्रियों से भी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।