पंजाब | रेप केस में फरार चल रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में विधायक ने अपने हलका सनौर के प्रभारी रणजोध सिंह हंढाणा पर बिना नाम लिए गंभीर आरोप लगाए हैं और उन पर उनके काम का श्रेय लेने का आरोप लगाया है।
वीडियो में पठानमाजरा ने कहा कि हलके में जिन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है, वे सभी प्रोजेक्ट्स उनके कार्यकाल के दौरान पहले ही मंजूर किए जा चुके थे। उन्होंने कहा, “जो काम आज उद्घाटन के नाम पर दिखाए जा रहे हैं, वे पहले ही पास थे। दूसरों के काम का श्रेय लेना गलत है। अपनी ऊर्जा नए विकास कार्यों में लगाएं।”
विधायक ने दावा किया कि सड़कों, स्टेडियमों और अन्य विकास योजनाओं को उन्होंने ही स्वीकृत कराया था, लेकिन अब कुछ लोग जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने हलके के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे सच्चाई को पहचानें और राजनीतिक प्रचार से प्रभावित न हों।
गौरतलब है कि 2 सितंबर को पठानमाजरा के खिलाफ एक महिला ने रेप का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी की, लेकिन वह हरियाणा में रिश्तेदारी में शरण लेकर फरार हो गए। इसके बावजूद वे लगातार सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी बेगुनाही की बात कहते हुए अपने राजनीतिक विरोधियों पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस अभी तक उनकी लोकेशन का पता नहीं लगा पाई है। वहीं, विधायक के आरोपों और वीडियो के कारण पार्टी के भीतर भी तनाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
कई राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि उनके लगातार फरार रहने से मामले की संवेदनशीलता और न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।