Shimla, Sanju-:बिहार विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली जीत और हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर शिमला में भाजपा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और वरिष्ठ नेता डॉ. विपिन सिंह परमार मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया। बिहार चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “बिहार में तो कांग्रेस बोलेरो में समा गई है, और अब हिमाचल में हम कांग्रेस को ऑल्टो में फिट करके दिखाएंगे। मुख्यमंत्री को ऑल्टो बहुत पसंद है, इसलिए यह उदाहरण बिल्कुल सही बैठता है।उन्होंने सरकार द्वारा तीन साल पूरे होने पर प्रस्तावित जश्न पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में जनता आज भी अनेक कठिनाइयों का सामना कर रही है। उनके अनुसार, हिमाचल में अभी भी डिज़ास्टर एक्ट लागू है, जिसके कारण उपचुनाव नहीं हो पा रहे, ट्रेज़री से 10 हजार से अधिक राशि निकालने पर रोक है, कर्मचारियों का वेतन समय पर नहीं मिल रहा, पेंशनर परेशान हैं और युवा रोजगार को लेकर भटक रहे हैं। ऐसे हालात में उत्सव मनाना जनता की भावनाओं के साथ मज़ाक है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने पूरे कार्यकाल में कोई नई योजना शुरू नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याण योजनाएं—हिम केयर, सहारा, स्वावलंबन, गृहिणी सुविधा और जन मंच—को या तो बंद कर दिया गया या उनका लाभ लोगों तक नहीं पहुंच रहा। उनके मुताबिक, तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार एक भी उपलब्धि गिनाने योग्य नहीं है।उन्होंने कहा, “अगर सरकार में थोड़ी भी संवेदनशीलता है तो उसे जश्न का फैसला तुरंत वापस लेना चाहिए। जनता सरकार की नाकामी को अच्छी तरह समझ चुकी है।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि भाजपा 4 दिसंबर को धर्मशाला में शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी।