Chamba, Manjur Pathan-: हिमाचल प्रदेश के लोकनिर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह अपने दो दिवसीय चंबा दौरे के तहत शुक्रवार देर शाम डलहौजी पहुंचे। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने डलहौजी निर्वाचन क्षेत्र के महत्वपूर्ण शेरपुर–चकरा मार्ग के चौड़ीकरण, मेटलिंग और टायरिंग कार्य की औपचारिक शुरुआत भूमि पूजन के साथ की। यह परियोजना नाबार्ड के सहयोग से स्वीकृत हुई है, जिस पर कुल 7 करोड़ 79 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क नेटवर्क से मजबूती से जोड़ने के अपने वादे पर लगातार काम कर रही है। “हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी गांव सड़क सुविधा से वंचित न रहे। लोगों की आसान आवाजाही, आर्थिक गतिविधियों और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सड़क ढांचा सबसे अहम है।विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि शेरपुर–चकरा सड़क पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में बनी थी और अब इसे आधुनिक मानकों के अनुरूप अपग्रेड किया जा रहा है। चौड़ीकरण और पक्का निर्माण पूरा होने के बाद यह सड़क न केवल सुविधाजनक होगी, बल्कि स्थानीय लोगों एवं क्षेत्र में पर्यटन के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगी।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से आसपास के गांवों के हजारों परिवारों को सुरक्षित, बेहतर और सुगम यातायात सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि डलहौजी और चंबा जिला के दुर्गम क्षेत्रों को सड़क सुविधा के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ा जाए, ताकि लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सके।मंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को भी सुना तथा आश्वासन दिया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।