अमृतसर। श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने कंबोडिया से पहुंचे दो यात्रियों के बैग से 1,22,400 विदेशी सिगरेट बरामद कर तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई सिगरेटों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
कस्टम अधिकारियों को यात्रियों के व्यवहार पर संदेह हुआ, जिसके बाद उनके बैगों की गहन जांच की गई। जांच में सिगरेट की यह भारी खेप गुप्त तरीके से छिपाकर लाई गई पाई गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी गैंग इस रूट का लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं।
इससे पहले भी डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) और कस्टम की संयुक्त टीम ने 35 लाख रुपये की विदेशी सिगरेट की खेप बरामद की थी। लगातार सामने आ रहे मामलों से साफ है कि अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट अमृतसर रूट को सक्रिय रूप से उपयोग कर रहे हैं।
कस्टम विभाग ने बताया कि यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू की गई है कि यह सिगरेट किसके लिए लाई जा रही थीं और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है। विभाग ने तस्करी पर रोक लगाने के लिए एयरपोर्ट की निगरानी और भी सख्त कर दी है।