Dharamshala, Rahul chawla-:धर्मशाला स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 14 दिसंबर को होने वाला भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह पैदा कर रहा है। लगभग दस साल बाद दोनों टीमें इस मैदान पर आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2 अक्टूबर 2015 को यहां टी-20 मुकाबला खेला गया था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद 15 सितंबर 2019 को भी दोनों टीमों का धर्मशाला में टी-20 मैच निर्धारित था, लेकिन भारी बारिश के चलते मुकाबला बिना गेंद फेंके ही रद्द हो गया था।
लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर यहां रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। भारतीय टीम पहले भी इस मैदान पर तीन टी-20 मुकाबले खेल चुकी है, जिनमें से दो में उसे जीत मिली है। इस बार टीम इंडिया कुछ नए चेहरों के साथ मैदान में उतरने वाली है, जबकि दक्षिण अफ्रीका टीम अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताने की तैयारी में है।
इधर, मैच को लेकर टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू हो गई है और प्रशंसकों के बीच टिकट खरीदने की होड़ दिखाई दे रही है। बीसीसीआई ने टिकट बिक्री डिस्ट्रिक एप और अपनी आधिकारिक टिकटिंग ऐप के माध्यम से शुरू की है। हालांकि 1500 रुपये वाले सबसे सस्ते टिकट अभी उपलब्ध नहीं हैं और इनके लिए क्रिकेट प्रेमियों को कुछ समय और इंतजार करना पड़ेगा। वर्तमान में 1750 रुपये वाले टिकटों की बिक्री खुली है, जो नॉर्थ वेस्ट स्टैंड में उपलब्ध हैं।स्टेडियम के कुल 14 स्टैंडों में से फिलहाल सिर्फ छह को ही बिक्री के लिए खोला गया है। इन स्टैंडों में 1750, 5000, 7000, 9000 और 12,500 रुपये कीमत वाले टिकट उपलब्ध हैं। एचपीसीए सचिव अवनीश परमार के अनुसार, जैसे-जैसे मांग बढ़ेगी, बाकी स्टैंडों की टिकट बिक्री भी शुरू कर दी जाएगी। डिस्ट्रिक एप पर अभी सीमित स्टैंडों के टिकट उपलब्ध हैं, लेकिन आगामी दिनों में सभी स्टैंडों के टिकट मिलने लगेंगे।
नॉर्थ वेस्ट स्टैंड (1750 रुपये), नॉर्थ पवेलियन (5000 रुपये), वेस्ट स्टैंड-1 और वेस्ट स्टैंड-2 (7000 रुपये), पवेलियन टैरेस (9000 रुपये) और क्लब लॉज (12,500 रुपये) के टिकट तेजी से बिक रहे हैं।धर्मशाला में होने वाला यह मुकाबला केवल क्रिकेट प्रेमियों ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी उत्साह का केंद्र बना हुआ है, क्योंकि यह मैच सर्दियों के मौसम में पर्यटन की रौनक बढ़ाने में भी मदद करेगा।