नई दिल्ली। सप्ताह के पहले ही दिन सोने और चांदी के वायदा बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली। MCX पर सोमवार सुबह ट्रेडिंग की शुरुआत तेज दबाव के साथ हुई, जिसमें दोनों की कीमतें नीचे फिसलती रहीं।
खबर लिखे जाने तक सोना 1,515 रुपये (1.17%) टूटकर 1,22,743 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी 0.75% गिरकर करीब 1,53,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड हो रही थी। कीमती धातुओं के इस गिरावट भरे रुख से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी का रुख जारी
वैश्विक बाजार में भी सोना-चांदी दबाव में दिखाई दिए।
- Comex पर सोना 4,069.20 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 4,079.50 डॉलर था। इसके बाद कीमतें गिरकर 4,044.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गईं। सोना इस वर्ष 4,398 डॉलर का उच्चतम स्तर छू चुका है।
- Comex पर चांदी 49.85 डॉलर प्रति औंस पर खुली और यह 0.40 डॉलर टूटकर 49.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। चांदी इस साल 53.76 डॉलर के उच्च स्तर को छू चुकी है।
विशेषज्ञों के अनुसार डॉलर इंडेक्स में तेजी और वैश्विक आर्थिक संकेतकों के कमजोर होने का असर कीमती धातुओं पर साफ देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इसमें और उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।