रूपनगर | रूपनगर-चंडीगढ़ हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब पुलिस के हैड कांस्टेबल जगतार सिंह की मौत हो गई। घटना भगवंतपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के गांव भागोमाजरा के पास हुई।
38 वर्षीय कांस्टेबल जगतार सिंह रूपनगर जिला जेल में ड्यूटी पूरी कर अपने स्कूटर पर घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल जगतार को तुरंत पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ पी.जी.आई. रेफर किया गया।
हालांकि इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रूपनगर के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया। पुलिस ने अनजान कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चालक घटना के बाद फरार हो गया है।