महेंद्रगढ़ I जिले के सोहला गांव में पाकिस्तान के झंडे जैसे प्रतीक वाला गुब्बारा मिलने से स्थानीय लोगों में हलचल फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर माधोगढ़ चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में जांच शुरू की।
गुब्बारा राजस्थान सीमा से लगे सोहला और निहालपुर गांवों के बीच सड़क किनारे पड़ा मिला। हरे रंग के गुब्बारे पर सफेद चांद–सितारे का चिन्ह बना हुआ था, जिसे देखकर लोगों ने इसे संदिग्ध मानते हुए पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस टीम ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि नहीं मिली।
माधोगढ़ चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सामान्य प्रतीत हो रहा है। संभावना है कि गुब्बारा हवा की दिशा बदलने या किसी समारोह से उड़कर यहां पहुंच गया हो। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।