Una, Rakesh-:हिमाचल प्रदेश के ऊना ज़िले में एक निजी होटल के बाहर हुए गोलीकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले में हत्या का मामला दर्ज किया था, साथ ही मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का केस भी दर्ज किया गया था। वारदात के दिन से ही सभी आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस की लगातार चल रही कार्रवाई के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंजाब के रोपड़ ज़िले में गुरुद्वारा टिब्बी साहिब के पास से तीन फरार आरोपियों और कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पुलिस ने बीते शाम एक दबिश के दौरान एक हुंडई वरना कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए थे। इन्हीं सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए आज तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपांशु शर्मा, अभी पुरी और नितीश शामिल हैं, जो तीनों संतोषगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ऊना, अमित यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इस सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश भी जारी है और पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी अमित यादव ने कहा कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पड़ताल की जा रही है कि वारदात में किसकी क्या भूमिका रही। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।