फतेहाबाद | हरियाणा पुलिस द्वारा पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। केवल 24 घंटों में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 10 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि विभिन्न मामलों में 305 अन्य आरोपियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया। इस कार्रवाई से अपराध जगत में खलबली मच गई है और प्रदेश में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है।
जिला स्तर पर बड़ी कार्रवाई: भिवानी, झज्जर, सिरसा और फतेहाबाद की विशेष उपलब्धियां
अभियान के दौरान पुलिस ने कई जिलों में कुख्यात अपराधियों का नेटवर्क तोड़ा।
- भिवानी पुलिस ने तीन हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से तलवार, देसी कट्टा और नकदी बरामद हुई।
- झज्जर पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को दबोचा।
- सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के छह मामलों में वांछित सुदेश रानी को गिरफ्तार किया गया।
- फतेहाबाद में पोक्सो और दुष्कर्म मामलों में फरार आरोपी अरुण कुमार को भी काबू किया गया।
इसी तरह कैथल, रेवाड़ी और पानीपत से भी कई इनामी व वांटेड अपराधी पकड़े गए।
नशा और अवैध शराब माफिया पर करारा प्रहार
अभियान के दौरान नशा और शराब माफिया पर पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई की।
- गुरुग्राम पुलिस ने 4307 लीटर अवैध शराब जब्त कर शराब माफिया को बड़ा नुकसान पहुंचाया।
- फतेहाबाद पुलिस ने 2.7 किलो अफीम बरामद की।
- फरीदाबाद व रेवाड़ी में गांजा, स्मैक और नशीली गोलियों की बड़ी खेप पकड़ी गई।
राज्यभर में कुल 530 ग्राम गांजा, 100 ग्राम से अधिक हेरोइन और 2.86 किलो अफीम बरामद की गई।
अवैध हथियार बरामद: संभावित वारदातों पर रोक
ऑपरेशन के दौरान पूरे प्रदेश से
- 4 देसी कट्टे
- 2 पिस्तौल
- 1 रिवॉल्वर
- 1 मैगजीन
- और अनेक जिंदा कारतूस
बरामद किए गए। यह कार्रवाई कई संभावित वारदातों को रोकने में सहायक साबित हुई है।
साइबर अपराध पर बड़ा एक्शन: 55.34 लाख रुपये पीड़ितों को वापस
डिजिटल अपराध पर भी पुलिस ने कड़ा प्रहार किया। हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर टीम ने करीब 1.06 करोड़ रुपये की शिकायतों में से 55.34 लाख रुपये ठगों के खातों में जाने से पहले ही फ्रीज कर दिए।
एक मामले में पीड़ित द्वारा समय रहते सूचना देने पर 84,000 रुपये पूरी तरह बचा लिए गए।
आज की कार्रवाई में 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार हुए और 7.39 लाख रुपये पीड़ितों को लौटाए गए।
फरीदाबाद पुलिस की दोहरी सफलता
- साइबर थाना एनआईटी व सेंट्रल ने गैस कनेक्शन और टेलीग्राम टास्क ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोहों को पकड़ा।
- झारखंड के दुमका से एक और राजस्थान के पाली से तीन आरोपी काबू किए गए।
- ऑपरेशन के दौरान फरीदाबाद पुलिस ने जुआ, सट्टा और नशा तस्करी के 85 ठिकानों पर छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
करनाल और पलवल की बड़ी कार्रवाई
- करनाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत चार नशा तस्कर गिरफ्तार किए और 18 किलो से अधिक डोडा पोस्त व स्मैक जब्त की।
- ट्रैक्टर पार्ट्स चोरी करने वाले गिरोह का एक सदस्य भी पकड़ा गया।
- पलवल पुलिस ने 40 स्थानों पर छापेमारी कर नशा तस्करों और सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया।
- पलवल पुलिस की मिसिंग सेल ने चार महीने से लापता 14 वर्षीय देव चौहान को दिल्ली से ढूंढकर सुरक्षित परिवार को सौंपा।