नई दिल्ली | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने सीईटी ग्रुप-सी परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था, वे अब अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
HSSC CET 2025 परीक्षा हरियाणा के 1350 परीक्षा केंद्रों पर 26 और 27 जुलाई 2025 को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में लगभग 13.47 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रकार की थी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे गए थे। इसमें रीजनिंग, हिंदी, सामान्य विज्ञान, अंग्रेजी और हरियाणा सामान्य ज्ञान जैसे विषय शामिल थे। परीक्षा की कुल अवधि 105 मिनट निर्धारित की गई थी।
अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें HSSC CET लिंक पर क्लिक करना होगा और अपना रजिस्ट्रेशन नंबर तथा मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। लॉगिन करने के बाद रिजल्ट स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा। उम्मीदवार इसे डाउनलोड कर सकते हैं और भविष्य के लिए इसका प्रिंट आउट निकाल सकते हैं।
सीईटी ग्रुप-सी परीक्षा में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। इस स्कोरकार्ड की वैधता तीन वर्षों तक मानी जाएगी।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने इस परीक्षा की आंसर-की 29 जुलाई 2025 को जारी की थी। अभ्यर्थियों को 01 अगस्त 2025 तक आपत्तियाँ दर्ज कराने का अवसर दिया गया था, जिसके बाद परीक्षा का अंतिम रिजल्ट घोषित किया गया।