वाशिंगटन | अमेरिका के प्रमुख अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन के खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर किया है। यह मुकदमा रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ द्वारा हाल ही में लागू किए गए नए मीडिया नियमों को चुनौती देने के लिए दायर किया गया। समाचार पत्र का कहना है कि ये नियम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन करते हैं। नियम के अनुसार, रक्षा मंत्री को यह अधिकार प्राप्त है कि वे अपनी मर्जी से किसी भी पत्रकार को पेंटागन में प्रवेश से रोक सकते हैं।
इन नियमों के लागू होने के बाद मुख्यधारा की मीडिया संस्थाओं में भारी विरोध देखने को मिला। न्यूयॉर्क टाइम्स और कई अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों ने नियमों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिसके चलते उनके कई पत्रकार पेंटागन से बाहर हो गए। अक्टूबर महीने में, कई पत्रकारों ने अपने ‘एक्सेस बैज’ लौटाए और पेंटागन से अलग हो गए। नियम के तहत रक्षा मंत्री द्वारा अनुमोदित न की गई किसी भी जानकारी की रिपोर्टिंग पर पत्रकारों को पेंटागन से निष्कासित किया जा सकता है, चाहे जानकारी गोपनीय हो या सार्वजनिक।
वर्तमान में पेंटागन के प्रेस कक्ष में केवल वही मीडिया संस्थान शामिल हैं जिन्होंने नए नियमों को स्वीकार किया। इन संस्थानों के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को मंत्री की प्रेस सचिव के साथ आयोजित ब्रीफिंग में हिस्सा लिया। न्यूयॉर्क टाइम्स के प्रवक्ता चार्ल्स स्टैटलैंडर ने कहा कि यह नीति “सरकार की नापसंद रिपोर्टिंग पर नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास है।” अखबार ने गुरुवार को वाशिंगटन की यूएस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। पेंटागन ने इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं दी है।