चरखी दादरी। शहर की लंबे समय से जर्जर पड़ी दो प्रमुख सड़कों का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। 4.53 करोड़ रुपये की परियोजना को मुख्यालय से प्रशासनिक और तकनीकी मंजूरी मिल चुकी है। अब केवल टेंडर प्रक्रिया शुरू होना बाकी है। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार, अगले 10 दिनों के भीतर दोनों सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया जाएगा। इन सड़कों के बनने से प्रतिदिन लगभग 15 हजार लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
नगर परिषद की योजना के तहत काठमंडी रोड और चरखी दरवाजा रोड का व्यापक पुनर्निर्माण किया जाएगा। दोनों सड़कें लंबे समय से खराब स्थिति में हैं, जिसके चलते स्थानीय लोग लगातार इनके पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। अब मंजूरी मिलने के बाद परियोजना के कार्यान्वयन का रास्ता साफ हो गया है।
अधिकारियों के अनुसार, काफी समय से सड़क पुनर्निर्माण प्रस्ताव प्रशासनिक स्वीकृति के इंतजार में लंबित था। लेकिन अब मंजूरी मिलने के बाद 15 दिसंबर तक टेंडर आमंत्रित कर दिए जाएंगे और प्रक्रिया पूरी होते ही एजेंसी को काम का आवंटन कर दिया जाएगा।
करीब दो किलोमीटर लंबी इन दोनों सड़कों के पुनर्निर्माण से शहरवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में सड़कें इतनी क्षतिग्रस्त हैं कि लोग वैकल्पिक मार्गों से लंबी दूरी तय करने को मजबूर हैं। नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने बताया कि दोनों सड़कें शहर की प्रमुख मार्गों में शामिल हैं और लोगों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
काठमंडी रोड: 1.23 करोड़ की लागत, 480 मीटर लंबाई
काठमंडी रोड का पुनर्निर्माण लाला लाजपत राय चौक से सैनीपुरा मोड़ तक किया जाएगा। 480 मीटर लंबी इस सड़क को दो दशक पहले बनाया गया था, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत बेहद खराब है। सड़क बनने के बाद प्रतिदिन लगभग 10 हजार लोगों को राहत मिलेगी।
चरखी दरवाजा रोड: 1.5 किमी लंबी सड़क पर 3.31 करोड़ खर्च
पुराना शहर को लोहारू व महेंद्रगढ़ चौक से जोड़ने वाली चरखी दरवाजा सड़क पिछले पांच सालों से पूरी तरह कंडम पड़ी है। स्थिति इतनी खराब है कि लोगों ने इस मार्ग से चलना लगभग छोड़ दिया है। अब नगर परिषद इस 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क को 3.31 करोड़ रुपये की लागत से दोबारा बनाएगी। इससे प्रतिदिन लगभग 5 हजार लोगों को बेहतर आवागमन का लाभ मिलेगा