पलवल। हसनपुर थाना क्षेत्र में दो बहनों की शादी तय करने के बाद रिश्ता तोड़ने और लाखों रुपये मूल्य के आभूषण व नकद राशि वापस न करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर हसनपुर पुलिस ने लड़का पक्ष के दो युवकों और उनके पिता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खांबी गांव निवासी कमल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक बिचौलिये के माध्यम से उसने अपनी बेटियों सलौनी और राधिका का रिश्ता सिहौल गांव के अजय और निहाल के साथ तय किया था। अप्रैल 2025 में दोनों परिवारों की मुलाकात के बाद संबंध पक्का हुआ और कमल ने रिश्ते से जुड़ी रस्मों पर कई बार खर्च किया। कमल के अनुसार विदाई, मिठाई और कपड़ों पर लगभग 30,500 रुपये खर्च किए गए।
अगस्त 2025 में सिहौल गांव में आयोजित ‘सिक्का रस्म’ के दौरान कमल ने दोनों लड़कों को सोने के आभूषण और 3,100–3,100 रुपये नकद दिए। इस रस्म पर कुल मिलाकर करीब 1.30 लाख रुपये और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण दिए। बाद में कमल को पता चला कि अजय का व्यवहार सही नहीं है और उसी दौरान लड़कों के पिता राज किशन ने अचानक रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उन्होंने दिए गए सभी आभूषण और नकदी वापस करने से भी मना कर दिया।
कमल ने बताया कि उसने मध्यस्थ भारत और गांव की सरपंच के पति वीरेंद्र गहलौत के माध्यम से भी सामान वापसी का अनुरोध करवाया, लेकिन राज किशन ने किसी भी तरह की वापसी से साफ इंकार कर दिया। कई सामाजिक बैठकों और पंचायतों में समाधान न मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। फिलहाल हसनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।