कैथल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह भर्ती पूरी तरह मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर होगी, जिससे किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा।
सैनी ने कहा, “बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी देने वाली भाजपा सरकार आमजन के हितों की सच्ची रक्षक है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संसद में इस पहल का उल्लेख किया।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्तमान में केवल झूठे प्रचार और वोट चोरी के आरोपों में लगी हुई है। सैनी ने बताया कि कांग्रेस ने हाल ही में ब्राजील की महिला का फोटो दिखाकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने स्वयं यह स्पष्ट किया कि वह भारत कभी आई ही नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य में सड़कों की मरम्मत का भी अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान टूट चुकी सभी सड़कें इस साल के अंत तक ठीक कर दी जाएंगी। इसके लिए छह विभागों के बीच समानन्वय और तालमेल बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के संस्कार और कार्यशैली पूरे देश में सराही जाती है। उन्होंने बताया कि 20 और 21 दिसंबर को राज्य के सभी जिलों में कार्यकारिणी की बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिसमें वन नेशन, वन इलेक्शन विषय पर चर्चा होगी। 26 और 27 दिसंबर को मंडल स्तर की बैठकें होंगी, उसके बाद विधानसभा स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश स्तर पर दो बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें केंद्र के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।