मजीठा | पंजाब के मजीठा क्षेत्र में एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। थाना मजीठा अंतर्गत गांव गालोवाली कॉलोनी में चल रही एक निजी पार्टी उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई, जब आपसी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान करीब 30 वर्षीय युवक की तेजधार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गालोवाली कॉलोनी स्थित एक मकान में पार्टी का आयोजन किया गया था। पार्टी के दौरान कुछ युवकों के बीच पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में तब्दील हो गई। आरोप है कि इसी दौरान सरबजीत सिंह उर्फ साबी पर तेजधार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक अपनी नानी के घर रह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही मजीठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना मजीठा के एसएचओ कर्मपाल सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।