मोहाली | मोहाली के सोहाना साहिब में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान प्रसिद्ध खिलाड़ी और टूर्नामेंट प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या से जुड़ी एक और गंभीर जानकारी सामने आई है। घटना के दौरान राणा को गोलियां मारने के बाद भी आरोपी शूटर वहीं रुके और इंतजार करते रहे कि उनकी मौत कब होगी।
घटना के समय राणा की मदद के लिए जगप्रीत नामक युवक मौके पर पहुंचा और उनकी बॉडी उठाने की कोशिश की। इस दौरान शूटरों ने जगप्रीत पर भी फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मोहाली फेज 6 के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है।
मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि शूटरों ने मदद करने आए युवक पर गोलियां इसलिए चलाई ताकि लोगों में डर फैल सके और कोई राणा की मदद के लिए आगे न बढ़े।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार को सोहाना साहिब में चल रहे कबड्डी कप टूर्नामेंट के दौरान हमलावर बाइक और बोलेरो कार में आए। उन्होंने राणा के पास सेल्फी लेने का बहाना बनाकर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। राणा बलाचौरिया को सिर में गोली लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बंबीहा गैंग ने ली है। गैंग ने इसे मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला बताया है। यह सनसनीखेज खुलासा मामले की गंभीरता को और बढ़ा रहा है और मोहाली पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।