Palwal, 17 December-:पलवल जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली की ओर ले जाए जा रहे पनीर की खेप को जांच के दायरे में लिया। आगरा चौक के पास की गई इस छापेमारी में मेवात और यूपी बॉर्डर क्षेत्र से आ रही गाड़ियों को रोका गया, जिनमें भारी मात्रा में पनीर भरा हुआ था। विभाग की इस कार्रवाई से दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर चल रही चिंताओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार उन्हें पिछले काफी समय से लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि मेवात और यूपी बॉर्डर से बड़ी मात्रा में पनीर दिल्ली और फरीदाबाद की ओर सप्लाई किया जा रहा है। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर विभाग ने टीम गठित कर आगरा चौक के नजदीक नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान एक गाड़ी को रोका गया, जो पुनहाना मेवात से पनीर लेकर नई दिल्ली जा रही थी। गाड़ी से करीब 1500 किलोग्राम पनीर बरामद किया गया। मौके पर ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर के सैंपल लिए और उन्हें गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पनीर मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि संबंधित वाहन के पास पनीर की सप्लाई से जुड़े जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। जांच के दौरान डेयरी का जीएसटी लाइसेंस और पक्का जीएसटी बिल भी पाया गया। इसके बावजूद, नियमों के तहत सैंपल लेना जरूरी था, ताकि पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता की पुष्टि की जा सके।डॉ.वर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल पनीर को नकली या घटिया कहना जल्दबाजी होगी। लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई को मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे आम लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकें।