भिवानी। हरियाणा को खेलों की धरती यूं ही नहीं कहा जाता। भिवानी जिले का छोटा सा गांव धनाना एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है। गांव के 11 हैंडबॉल खिलाड़ियों का एशियन सीनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है, जो न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
गुजरात स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में आयोजित इंडिया हैंडबॉल सीनियर कैंप में कड़ा प्रशिक्षण लेने के बाद इन खिलाड़ियों का चयन किया गया है। अब ये खिलाड़ी कुवैत में 15 से 29 जनवरी तक आयोजित होने वाली 22वीं एशियन सीनियर पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चयनित सभी खिलाड़ी स्वर्गीय अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल प्रशिक्षक कुलजीत सिंह सिप्पा के शिष्य रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में तैयार हुए इन खिलाड़ियों ने गांव धनाना को हैंडबॉल की नर्सरी के रूप में पहचान दिलाई है।
एशियन चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों में मंजीत कुमार, मोहित घनघस, सुमित, सुनील, मोहित, अंकित, मोहित पुनिया, सुमित घनघस, राहुल, दीपक और भूपेंद्र शामिल हैं। एक ही गांव से 11 खिलाड़ियों का एशियन स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए चयन होना क्षेत्र के खेल इतिहास में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उपलब्धि से न केवल धनाना गांव बल्कि पूरे भिवानी जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यह सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगी और आने वाले समय में हरियाणा से और भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करेंगे।