ऊना। वीर साहिबजादों की शहादत को समर्पित शहीदी सप्ताह 21 से 28 दिसंबर तक देशभर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के सनौली माजरा गांव स्थित गुरुद्वारा साहिब में वीर साहिबजादों के बलिदान की स्मृति में अखंड पाठ साहिब के भोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा विधायक सतपाल सत्ती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की। श्री अखंड पाठ साहिब के भोग उपरांत गुरुद्वारा साहिब बाबा श्री जवाहर सिंह जी (सनौली माजरा) में संगत के साथ शब्द कीर्तन का रसपान किया गया। कार्यक्रम के दौरान वीर साहिबजादों के अद्वितीय त्याग और धर्म व देश के लिए दी गई कुर्बानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
विधायक सतपाल सत्ती ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए समाज से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।