नई दिल्ली | घने कोहरे और बढ़ती ठंड की चपेट में उत्तर भारत के अधिकांश राज्य आ गए हैं। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और जम्मू सहित कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम होने से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों तक मध्यम से घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
सोमवार सुबह से ही दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कोहरे की मोटी चादर छाई रही। दृश्यता घटने के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, जबकि रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित रहीं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे की दृश्यता 50 मीटर से नीचे पहुंचने पर सुरक्षा कारणों से 128 उड़ानें रद करनी पड़ीं। इसके अलावा 300 से अधिक उड़ानें आधे घंटे से चार घंटे तक विलंबित रहीं और आठ उड़ानों को अन्य शहरों की ओर डायवर्ट किया गया।
रेल सेवाओं पर भी कोहरे का व्यापक असर दिखा। दिल्ली आने-जाने वाली 90 से अधिक ट्रेनें दो से 15 घंटे की देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रात में एक बार फिर राजधानी घने कोहरे की गिरफ्त में आ गई। मौसम विभाग ने मंगलवार और 31 दिसंबर को भी कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कोहरे और प्रदूषण के चलते दिनभर स्मॉग छाया रहा। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राजधानी में AQI 400 के पार दर्ज किया गया, जबकि आनंद विहार में यह 455 तक पहुंच गया।
उत्तर प्रदेश में भी ठंड और कोहरे से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 20 जिलों में घना से अत्यधिक घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि 25 जिलों में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। ग्रेटर नोएडा के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कम दृश्यता के कारण ट्रक और कैंटर की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भी कोहरे ने जनजीवन प्रभावित किया। देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हवाई, रेल और बस सेवाओं पर असर पड़ा। ऊधम सिंह नगर में स्कूलों में अवकाश घोषित करना पड़ा। देहरादून एयरपोर्ट पर उड़ानें देरी से पहुंचीं, जबकि पंतनगर एयरपोर्ट पर दो उड़ानें रद कर दी गईं।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल में भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे शताब्दी, राजधानी और वंदे भारत सहित कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। जम्मू में भी कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं।
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।